JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेता इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद दोबारा जेल भेजे जाने को लेकर जम्मू-कश्मीर की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) नेता इल्तिजा मुफ्ती ने पाकिस्तानी सेना पर तीखा हमला बोला है। इल्तिजा मुफ्ती ने इस कार्रवाई को बेहद क्रूर बताया और इमरान खान के समझौता न करने वाले रुख की सराहना की।
इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद वापस जेल भेजना पाकिस्तानी सेना के लिए बेहद क्रूर कदम है। उन्होंने दावा किया कि इमरान खान पिछले करीब तीन वर्षों से निराधार और हास्यास्पद आरोपों के चलते जेल में बंद हैं।
इल्तिजा ने इमरान खान के अपने रुख पर कायम रहने की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इमरान का समझौता करने से इनकार करना और दबाव के बावजूद अपने रुख पर कायम रहना उन्हें प्रभावित करता है। इसी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि यह ‘बड़ी कुर्सियों पर बैठे छोटे लोगों की मानसिकता’ को दर्शाता है।
दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को शुक्रवार सुबह रावलपिंडी की अदियाला जेल वापस भेज दिया गया। इससे पहले उनकी मेडिकल जांच सरकारी पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में कराई गई थी। इस दौरान अल-शिफा अस्पताल के डॉक्टर भी मौजूद रहे।
इमरान खान लंबे समय से पाकिस्तान की जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ कई कानूनी मामले चल रहे हैं। उनकी जेल वापसी को लेकर पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, इल्तिजा मुफ्ती की टिप्पणी ने इस मामले को जम्मू-कश्मीर की राजनीति से भी जोड़ दिया है।
इल्तिजा मुफ्ती का बयान ऐसे समय आया है जब इमरान खान की राजनीतिक स्थिति और पाकिस्तान में सेना की भूमिका को लेकर लगातार बहस जारी है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर इमरान खान के प्रति समर्थन जताते हुए उनके समझौता न करने के रवैये की प्रशंसा की है।


