JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल,जम्मू
जम्मू-कश्मीर में रेल यात्रियों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। कटड़ा से बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे रेल सेक्शन पर अब ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। रेलवे ने सुरक्षा मानकों और जरूरी तकनीकी जांच पूरी करने के बाद यह फैसला लिया है।
इससे पहले कटड़ा से संगलदान तक ट्रेनों की अधिकतम निर्धारित गति 85 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि संगलदान से बनिहाल के चुनौतीपूर्ण पहाड़ी हिस्से में गति सीमा 75 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अब पूरे कटड़ा-बनिहाल सेक्शन पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की मंजूरी से यात्रियों को तेज और बेहतर रेल सफर का फायदा मिलेगा।
यह उपलब्धि ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) परियोजना के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस कठिन पहाड़ी रेल मार्ग का बड़ा हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरता है और इसी परियोजना में दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज, चिनाब रेल ब्रिज, भी शामिल है।
रेलवे के अनुसार, ट्रायल के दौरान इस रूट पर ट्रेनों को 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से सफलतापूर्वक चलाया जा चुका है। अब नियमित परिचालन में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति की अनुमति यात्रियों के सफर का समय कम करने में मदद करेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बढ़ी हुई रफ्तार से न सिर्फ यात्रा अधिक तेज और सुविधाजनक होगी, बल्कि जम्मू-कश्मीर की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी। इससे पर्यटन, व्यापार और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले बनिहाल-काजीगुंड के 17 किलोमीटर लंबे रेल सेक्शन पर भी ट्रेन की गति सीमा को 75 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा किया गया था। कटड़ा-बनिहाल पूरे सेक्शन पर गति बढ़ने के बाद जम्मू-कश्मीर में रेल नेटवर्क के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है।


