JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एचआर खजूरिया का निधन हो गया। उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी और राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। खजूरिया ने अपने जीवन का लंबा समय जनसेवा, सामाजिक कल्याण और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए समर्पित किया।
रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार में डिप्टी डायरेक्टर (EME) के पद पर रहते हुए उन्होंने रक्षा क्षेत्र से जुड़े सिविलियन कर्मचारियों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। कर्मचारी हितों के लिए उनकी सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें एक सम्मानित ट्रेड यूनियन नेता के रूप में भी पहचान मिली।
एचआर खजूरिया कांग्रेस के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता रहे। उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव के रूप में कई वर्षों तक संगठन को अपनी सेवाएं दीं। दिल्ली में डोगरा समुदाय की आवाज को मजबूत करने के साथ-साथ उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों की चिंताओं, अधिकारों और आकांक्षाओं को भी प्रमुखता से उठाया।
खजूरिया का पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के साथ भी महत्वपूर्ण राजनीतिक जुड़ाव रहा। वह उनके सलाहकार और रणनीतिकार के रूप में कार्य कर चुके थे। पार्टी और संगठन से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता था।
वह इंडियन नेशनल डिफेंस वर्कर्स फेडरेशन के तहत डिफेंस सिविलियन कर्मचारियों के मुख्य संचालक और प्रवक्ता के रूप में भी कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न कर्मचारी संगठनों में अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
कांग्रेस प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने खजूरिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन सार्वजनिक सेवा, संगठनात्मक नेतृत्व और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा।
एचआर खजूरिया ने राजनीतिक, सामाजिक और कर्मचारी आंदोलनों के माध्यम से विभिन्न वर्गों की समस्याओं को आवाज दी। उनके निधन को कांग्रेस और कर्मचारी संगठनों के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके समर्थकों और सहयोगियों ने उनकी सेवाओं और योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।



