JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
ऊधमपुर में युवाओं के भीतर छिपी उद्यमिता और नवाचार की सोच को मंच देने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (JKEDI) के जिला केंद्र ऊधमपुर ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक के सहयोग से Startup Idea Challenge 2.0 के तहत बूट कैंप का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और इच्छुक युवा उद्यमियों ने अपने नए विचारों और स्टार्टअप आइडिया को सामने रखा।
बूट कैंप में कुल 110 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 13 प्रतिभागियों ने जूरी पैनल के सामने अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए, जबकि इनमें से 5 प्रतिभागियों को चैलेंज के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक के प्रिंसिपल इंजीनियर विवेक महाजन ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नवाचार आधारित विचारों को विकसित करने, वास्तविक समस्याओं की पहचान करने और उनके व्यावहारिक एवं टिकाऊ समाधान तैयार करने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस मौके पर जिला उद्योग केंद्र ऊधमपुर के फंक्शनल मैनेजर जगदीप सिंह, JKEDI जम्मू कैंपस के एसोसिएट प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष बरू, उद्यमी एवं अतिथि वक्ता शुभम शर्मा सहित विभिन्न संकाय सदस्य मौजूद रहे।
JKEDI ऊधमपुर के DNO यश पाल शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए Startup Idea Challenge के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास की वास्तविक समस्याओं को पहचानने और उनके ऐसे समाधान विकसित करने का आह्वान किया, जिन्हें भविष्य में व्यावहारिक रूप से लागू किया जा सके।
प्रिंसिपल विवेक महाजन ने JKEDI की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बीच Innovation और Entrepreneurial Thinking को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। वहीं जिला उद्योग केंद्र के फंक्शनल मैनेजर जगदीप सिंह ने युवाओं को स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने और जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उद्यमी शुभम शर्मा ने अपने उद्यमिता सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने स्टार्टअप शुरू करने के दौरान आने वाली चुनौतियों, संभावनाओं और अवसरों के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी दी।
वहीं JKEDI जम्मू कैंपस के एसोसिएट प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष बरू ने युवाओं को जम्मू-कश्मीर स्टार्टअप नीति 2024-27 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रभावी बिजनेस आइडिया तैयार करने, उसे व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत करने और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
यह बूट कैंप ऊधमपुर के युवाओं के लिए अपने नए विचारों को विशेषज्ञों और जूरी के सामने रखने का अवसर बना। 110 प्रतिभागियों में से 13 आइडिया का प्रस्तुतीकरण और 5 का अगले चरण के लिए चयन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।


