JNM संवाददाता | श्रीनगर
हरदीप जमवाल

कुलगाम जिले में प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी के नेटवर्क पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए चार दिनों में 200 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। कुलगाम, यारीपोरा और चेहलन सहित कई इलाकों में चलाए गए तलाशी अभियानों में 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, जमीनी स्तर पर आतंक तंत्र और उसके सपोर्ट सिस्टम को खत्म करने के लिए कुलगाम पुलिस ने 400 से अधिक घेराबंदी-तलाशी अभियान (CASO) चलाए। इन अभियानों में ओवर ग्राउंड वर्करों, जेकेएनओपी से जुड़े संगठनों, पूर्व मुठभेड़ स्थलों और सक्रिय/मारे गए आतंकियों के संदिग्ध ठिकानों को निशाना बनाया गया।
पुलिस ने कई डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है, जबकि कई व्यक्तियों को निवारक कानूनों के तहत जिला जेल मट्टन (अनंतनाग) भेजा गया है।
एसएसपी कुलगाम अनायत अली चौधरी, डीएसपी मुख्यालय निसार अहमद और एसएचओ कुलगाम सूबेदार अहमद के नेतृत्व में यह कार्रवाई जारी है। पुलिस ने दोहराया कि जिले में आतंक समर्थकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।

