JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल | जम्मू
जम्मू-कश्मीर की राजनीति में इन दिनों नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर चल रही हलचल के बीच एक नया विवाद सामने आया है। जम्मू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक मियां मेहर अली के बीच हुए अभिवादन का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रसारित वीडियो में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और विधायकों से मुलाकात करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक नजीर गुरेजी और मियां मेहर अली उनका अभिवादन करने के लिए खड़े नजर आते हैं। उपमुख्यमंत्री नजीर गुरेजी से हाथ मिलाते हैं, लेकिन मियां मेहर अली की ओर से हाथ बढ़ाए जाने के बावजूद उनसे हाथ मिलाए बिना आगे बढ़ जाते हैं।
इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। राजनीतिक हलकों में इसे पार्टी के भीतर आपसी संबंधों और मौजूदा असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
भाजपा नेता रविंदर रैना ने मियां मेहर अली का किया समर्थन
वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंदर रैना भी मियां मेहर अली के समर्थन में उतर आए। उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए विधायक के कामकाज की सराहना की। रैना ने मियां मेहर अली को जम्मू-कश्मीर की शान बताया।
राजनीतिक रूप से इस घटनाक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मियां मेहर अली नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक हैं, जबकि रविंदर रैना भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। ऐसे में विपक्षी दल के नेता की ओर से नेकां विधायक की सार्वजनिक सराहना किए जाने की भी चर्चा हो रही है।
पहले से ही पार्टी के भीतर चल रहा असंतोष
गौरतलब है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर पिछले कुछ समय से असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में पार्टी के कई विधायकों ने नेतृत्व के सामने आठ सूत्रीय मांगें रखी थीं। इन मांगों में मंत्रिमंडल के पुनर्गठन के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी से सड़क एवं भवन विभाग वापस लेने की मांग भी शामिल बताई गई थी।
ऐसे राजनीतिक माहौल में उपमुख्यमंत्री और पार्टी के विधायक के बीच अभिवादन को लेकर सामने आए इस वीडियो ने चर्चाओं को और बढ़ा दिया है। फिलहाल इस मामले पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब देखना होगा कि इस घटनाक्रम को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस का नेतृत्व क्या रुख अपनाता है और क्या पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी पर विराम लग पाता है।


