JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
जम्मू-कश्मीर के द्रास स्थित मीनामर्ग इलाके में खराब मौसम के कारण जोजिला पास पर यातायात रोके जाने के बाद एक महिला पर्यटक ने सुरक्षाबलों के सामने जमकर नाराजगी जाहिर की। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी पर्यटक के व्यवहार पर प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा है।
जानकारी के अनुसार, सोनमर्ग-द्रास मार्ग पर बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मीनामर्ग के पास कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। इसी दौरान एक महिला पर्यटक ने सड़क बंद किए जाने का विरोध किया और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों से बहस करने लगी।
वीडियो में महिला खुद को नई पीढ़ी से जुड़ा बताते हुए सड़क बंद किए जाने पर नाराजगी जाहिर करती दिखाई दे रही है। उसने वहां मौजूद अन्य पर्यटकों से भी विरोध में शामिल होने की अपील की, लेकिन उसके कहने पर कोई बड़ा विरोध या धरना नहीं हुआ।
हालांकि, इस दौरान सुरक्षाकर्मियों की ओर से संयम बरता गया और मामले को बढ़ने नहीं दिया गया। मौसम में सुधार के बाद यातायात को भी बहाल कर दिया गया।
संवेदनशील क्षेत्र है जोजिला
मीनामर्ग से द्रास की ओर जाने वाला मार्ग सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्र है। ऊंचाई वाले इस इलाके में मौसम अचानक खराब होने पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क पर फिसलन जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जरूरत पड़ने पर यातायात को अस्थायी रूप से रोका जाता है।
अधिकारियों के अनुसार, सोनमर्ग या द्रास में पर्यटकों की ओर से किसी बड़े विरोध प्रदर्शन की सूचना नहीं है। केवल एक पर्यटक का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
उमर अब्दुल्ला ने कसा तंज
महिला पर्यटक के वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अपनी पीढ़ी की पहचान को किसी छोटी-सी असहमति या कथित बेइज्जती के दौरान दबाव बनाने या धमकी के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि “हम नई पीढ़ी से हैं” अब नया “जानते नहीं हो मेरा बाप कौन है” बन गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह अपनी पहचान का इस्तेमाल करने से नई पीढ़ी के प्रति लोगों की सकारात्मक सोच कमजोर हो सकती है।
उमर अब्दुल्ला ने संवाद और संयम को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पीढ़ी को अपनी पहचान को दूसरों पर दबाव बनाने के साधन के तौर पर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
यात्रियों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि जोजिला जैसे संवेदनशील और ऊंचाई वाले इलाकों में सुरक्षा तथा यातायात संबंधी निर्देशों का धैर्यपूर्वक पालन करें। खराब मौसम में सड़क बंद करने का फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया जाता है।
फिलहाल जोजिला मार्ग यातायात के लिए खुला है। प्रशासन की ओर से मौसम और सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



