JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। पवित्र छड़ी मुबारक 22 अगस्त, शनिवार को श्रीनगर से पहलगाम के लिए रवाना होगी। इसके साथ ही अमरनाथ यात्रा के पारंपरिक समापन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पवित्र छड़ी मुबारक 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के शुभ अवसर पर बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा पहुंचेगी, जहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद इस वर्ष की यात्रा का विधिवत समापन होगा।
श्री अमरनाथ की पवित्र छड़ी के संरक्षक एवं श्रीनगर के दशनामी अखाड़ा के महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में छड़ी मुबारक 22 अगस्त को श्रीनगर से रवाना होकर उसी दिन पहलगाम पहुंचेगी। इसके बाद 22 और 23 अगस्त को पहलगाम में प्रवास रहेगा।
यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 अगस्त को पवित्र छड़ी मुबारक चंदनवाड़ी पहुंचेगी। इसके बाद 25 अगस्त को शेषनाग में रात्रि विश्राम होगा। 26 और 27 अगस्त को पंचतरणी में रात्रि विश्राम के बाद 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के दिन पवित्र छड़ी मुबारक बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा पहुंचेगी।
पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना के साथ ही इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा का औपचारिक रूप से समापन माना जाएगा और यात्रा अगले वर्ष तक के लिए विराम लेगी।
मौसम के चलते पहले ही थम गई थी यात्रा
इस बार बाबा अमरनाथ की यात्रा पर मौसम की चुनौती का भी असर देखने को मिला। प्रशासन ने मौसम और मार्गों की परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा को करीब एक पखवाड़े से स्थगित किया हुआ है। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर परिस्थितियों को देखते हुए नियमित यात्रा पहले ही रोक दी गई थी। कई भंडारा संगठन भी अपनी सेवाएं पूरी कर वापस लौट चुके हैं।
हालांकि यात्रा के शुरुआती दिनों में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अब तक 4.85 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह 57 दिनों तक चलनी थी। लेकिन मार्गों की स्थिति और मरम्मत कार्यों के चलते नियमित यात्रा को निर्धारित समय से पहले रोकना पड़ा। अब श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और परंपरा के अनुसार छड़ी मुबारक यात्रा के साथ बाबा अमरनाथ यात्रा का अंतिम चरण पूरा किया जाएगा।
28 अगस्त को पवित्र गुफा में होने वाली पूजा के बाद इस वर्ष की यात्रा का समापन हो जाएगा। इसके साथ ही लाखों श्रद्धालुओं की बाबा बर्फानी के दर्शन की यात्रा अगले वर्ष तक के लिए विराम लेगी।



