JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लगातार संपर्क में हैं और जम्मू-कश्मीर व केंद्र सरकार के बीच लंबित कई अहम मुद्दों पर बातचीत जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मुद्दों में सबसे महत्वपूर्ण जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करना है, जिस पर केंद्र सरकार के साथ निरंतर संवाद चल रहा है।
उमर अब्दुल्ला ने बताया कि राज्य के दर्जे की बहाली के अलावा भी कुछ अन्य मामले केंद्र के समक्ष लंबित पड़े हैं। इनमें बिजनेस रूल्स को मंजूरी दिलाना, करीब दो वर्षों से रुकी हुई एडवोकेट जनरल की नियुक्ति और आरक्षण से जुड़ी रिपोर्ट जैसे विषय शामिल हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार इन सभी मुद्दों पर केंद्र के साथ लगातार चर्चा कर रही है ताकि जल्द समाधान निकाला जा सके।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का किया स्वागत
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में पहली बार आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन से स्थानीय फिल्मकारों और जनसंचार के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों से सीखने का बेहतरीन मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव फिल्म निर्माताओं को यह याद दिलाने की एक कोशिश भी है कि विदेशी लोकेशनों का रुख करने से पहले कश्मीर देश का प्रमुख शूटिंग डेस्टिनेशन हुआ करता था।
मेडिकल इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल पर जताई चिंता
मेडिकल इंटर्न डॉक्टरों की चल रही हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला इतने लंबे समय तक खिंचना नहीं चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस पर फैसला लेने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है और स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू लगातार प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि यह विवाद जल्द से जल्द सुलझ जाए, क्योंकि लंबे समय से जारी इस आंदोलन के कारण न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं बल्कि इंटर्न डॉक्टरों की ट्रेनिंग भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।


