JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल जम्मू
चीनी के दाम में डेढ़ महीने पहले शुरू हुआ तेज उछाल अब धीमा पड़ गया है। जुलाई-अगस्त में 44 रुपये प्रति किलो के आसपास रहने वाली चीनी का एक्स-मिल भाव बढ़कर 70 रुपये किलो तक पहुंच गया था, लेकिन सरकारी सख्ती, बाजार में जमा अतिरिक्त स्टॉक निकलने और नई खरीद कमजोर पड़ने से अब यह भाव फिर 44-45 रुपये किलो पर आ गया है।
हालांकि एक्स-मिल भाव में भारी गिरावट के बावजूद उपभोक्ताओं को अभी इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। जम्मू के खुदरा बाजार में चीनी अब भी 60 से 70 रुपये किलो के आसपास बिक रही है।
थोक और खुदरा भाव में फर्क
जम्मू की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी, वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के व्यापारियों के अनुसार एक्स-मिल और थोक कीमतों के बीच सामान्य तौर पर 2-3 रुपये प्रति किलो का अंतर रहता है, जिसमें बाद में भाड़ा जुड़ता है। वहीं मिल और खुदरा कीमतों के बीच 7-8 रुपये प्रति किलो का अंतर सामान्य माना जाता है। ऐसे में एक्स-मिल भाव में आई गिरावट का लाभ जल्द उपभोक्ताओं तक पहुंचने की उम्मीद है।
पिछले डेढ़ महीने में यूं बदले दाम
21 जुलाई: थोक 51-53 रुपये, खुदरा 55-58 रुपये
10 अगस्त: थोक 56-58 रुपये, खुदरा 62-67 रुपये
21 अगस्त: थोक 62-65 रुपये, खुदरा 70-75 रुपये
31 अगस्त: थोक 58-63 रुपये, खुदरा 68-73 रुपये
8 सितंबर: थोक 54-57 रुपये, खुदरा 60-70 रुपये
जम्मू संभाग में प्रति माह औसतन चार से पांच टन चीनी की खपत होती है।
राहत में लग सकते हैं सात से दस दिन
थोक मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट में पुराना स्टॉक क्लीयर होने में आमतौर पर एक सप्ताह तक का समय लग जाता है। जिन व्यापारियों ने पिछले सप्ताह महंगे दाम पर खरीद की है, वे अधिक घाटा उठाकर बिक्री करने को तैयार नहीं हैं। कुछ बड़े थोक व्यापारियों के अनुसार पिछले एक पखवाड़े में चीनी की बिक्री में उन्हें लाखों रुपये का घाटा उठाना पड़ा है।
पिछले एक पखवाड़े में लगभग हर दिन दाम में गिरावट दर्ज की गई है। खुदरा बाजार में जो चीनी एक पखवाड़े पहले तक 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रही थी, वह अब अधिकतम 70 रुपये प्रति किलो पर बिक रही है। आने वाले दिनों में जब पुराना स्टॉक पूरी तरह क्लीयर हो जाएगा, तब दाम स्वयं सामान्य हो जाएंगे, लेकिन इसमें सात से दस दिन का समय लग सकता है।


