JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
जम्मू-कश्मीर सरकार के वित्त विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 डायरेक्टर फाइनेंस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही 6 अधिकारियों को डायरेक्टर फाइनेंस के पद पर पदोन्नति भी दी गई है। वित्त विभाग के वित्तीय आयुक्त शैलेंद्र कुमार की ओर से वीरवार को जारी आदेश के अनुसार सभी तबादले और नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों में डायरेक्टर फाइनेंस के पद पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
राजेश चंदर कोतवाल बने स्कूल शिक्षा विभाग के डायरेक्टर फाइनेंस
आदेश के अनुसार डायरेक्टर एकाउंट्स एंड ट्रेजरीज जम्मू राजेश चंदर कोतवाल को अब स्कूल शिक्षा विभाग का डायरेक्टर फाइनेंस नियुक्त किया गया है। वह कुलभूषण कुमार का स्थान लेंगे।
वहीं, राजस्व विभाग के डायरेक्टर फाइनेंस अनिल कुमार डोगरा को जम्मू के डायरेक्टर एकाउंट्स एंड ट्रेजरीज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्कूल शिक्षा विभाग से स्थानांतरित किए गए कुलभूषण कुमार को एआरआई एवं ट्रेनिंग्स विभाग का डायरेक्टर फाइनेंस बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें अगले आदेश तक जनजातीय मामलों के विभाग के डायरेक्टर फाइनेंस का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके साथ ही इफ्तिखार हुसैन चौहान को इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
अन्य विभागों में भी अधिकारियों की नई तैनाती
जेके पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की डायरेक्टर फाइनेंस संतोष कुमारी को श्रम एवं रोजगार विभाग में डायरेक्टर फाइनेंस नियुक्त किया गया है।
अकाउंटेंसी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट श्रीनगर की डायरेक्टर फाइनेंस नायला जहूर को युवा सेवा एवं खेल विभाग का डायरेक्टर फाइनेंस बनाया गया है। उन्हें जसविंदर सिंह के अतिरिक्त प्रभार से भी मुक्त कर दिया गया है।
6 अधिकारियों को पदोन्नति
वित्त विभाग के आदेश में 6 अधिकारियों को डायरेक्टर फाइनेंस के पद पर पदोन्नति भी दी गई है। पदोन्नति के बाद शाहिद मजीद ककरू को एआरआई विभाग से हटाकर जल शक्ति विभाग का डायरेक्टर फाइनेंस नियुक्त किया गया है।
हरजीत कौर को जेके पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन से स्थानांतरित कर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ अकाउंट्स एंड ट्रेजरीज में समायोजन आदेश जारी होने तक प्रतीक्षा करने को कहा गया है।
गृह विभाग से मानव गुप्ता को पदोन्नत कर जेके पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में संतोष कुमारी के स्थान पर डायरेक्टर फाइनेंस नियुक्त किया गया है।
जेके मेडिकल सप्लाईज कॉरपोरेशन से अमित महाजन को सहकारिता विभाग में भेजा गया है। वहां रशिम दीपिका का अतिरिक्त प्रभार समाप्त होगा।
ऑडिट एंड इंस्पेक्शन विभाग की प्रेमलता पाटिल को जेके पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेकेपीसीएल) का डायरेक्टर फाइनेंस नियुक्त किया गया है।
वहीं पदोन्नत हुईं रशिम दीपिका को फिलहाल पर्यटन विभाग में ही अगले आदेश तक कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वित्त विभाग ने सभी संबंधित प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को आदेश की प्रतियां भेजते हुए नई तैनातियों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार के वित्त विभाग में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न विभागों में वित्तीय मामलों और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारियों में बदलाव आया है।



