जेएनएम पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
जम्मू संभाग के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग ने 24 से 30 सितंबर तक बिजली कटौती का कार्यक्रम जारी किया है। जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से जारी सूचना के अनुसार विभिन्न इलाकों में मरम्मत कार्य, पेड़ों की टहनियों की छंटाई, बिजली के खंभे लगाने और भूमिगत केबल की चार्जिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के चलते अलग-अलग क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
विभाग के अनुसार बिजली कटौती का समय अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग निर्धारित किया गया है। ऐसे में संबंधित इलाकों के लोगों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए बिजली से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लें और आवश्यकता के अनुसार मोबाइल, इन्वर्टर तथा अन्य विद्युत उपकरणों को पहले से चार्ज कर लें।
24 सितंबर को इन क्षेत्रों में रहेगी बिजली बंद
24 सितंबर को पौनी, शिवखौड़ी, डडोआ, लेतर, भारख और रनसू क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं बसोहली, मारथा, नगरोटा, समन, भोंड, मशका, बनी, भंडार, चालोग और ढग्गर क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली कटौती रहेगी।
इसी दिन कुल्लियां, निहालपुर, सिंबल कैंप, बडियाल, कागाल, बीएसएफ और अब्दुल्लाह क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इसके अलावा वेयरहाउस, सतवारी, अशोक नगर और शास्त्री नगर में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
25 सितंबर को इन इलाकों में छह घंटे का शटडाउन
25 सितंबर को भक्ता, जाखोल, जसरोटा और चैनपुरा क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग की ओर से बताया गया है कि इस दौरान निर्धारित रखरखाव से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
शहरी क्षेत्रों में भूमिगत केबल से जुड़े कार्यों के चलते नानक नगर क्षेत्र में 25 और 28 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
26, 28 और 29 सितंबर को भी कई क्षेत्रों में असर
प्रहलादपुर सब-स्टेशन के अंतर्गत आने वाले भूरे चक, प्रहलादपुर, पैनोत्री चक, हरिपूर, मांडलगढ़, सूर्यचक, रामबाग, गंदू चक और कृपालपुर क्षेत्रों में 26, 28 और 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
वहीं रेलवे काम्प्लेक्स और आसपास के क्षेत्रों में भूमिगत केबल से जुड़े कार्यों के कारण 26 और 29 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
30 सितंबर को आरबीआई काम्प्लेक्स क्षेत्र में कटौती
30 सितंबर को आरबीआई काम्प्लेक्स और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग के अनुसार यह कटौती भूमिगत केबल से जुड़े आवश्यक कार्यों के कारण की जाएगी।
जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कारपोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि बिजली कटौती का यह कार्यक्रम निर्धारित कार्यों और मौसम की स्थिति के अनुसार लागू किया जाएगा। विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील की है।
ऐसे में 24 से 30 सितंबर के बीच जिन क्षेत्रों में बिजली कटौती निर्धारित है, वहां रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे कटौती के समय को ध्यान में रखते हुए पानी भरने, मोबाइल और अन्य जरूरी उपकरण चार्ज करने तथा बिजली से जुड़े आवश्यक काम पहले ही पूरे कर लें।



