JNM पत्रकार हरदीप जमवाल,जम्मू
जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई तक प्रदेश में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। हालांकि, इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना भी जताई गई है, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।
14 जुलाई को जम्मू संभाग में दिन का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। नमी का स्तर अधिक रहने से उमस बढ़ेगी और गर्मी सामान्य से ज्यादा महसूस होगी।
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय यूवी इंडेक्स अत्यधिक स्तर पर पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
वहीं, कश्मीर घाटी में 14 जुलाई को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन शाम के समय हल्के बादल छाने और ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 और 16 जुलाई को भी जम्मू में गर्मी और उमस बनी रहेगी। जबकि 17 जुलाई को हल्की बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम में होने वाले बदलावों को देखते हुए मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट और सलाह पर नजर बनाए रखें तथा अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।



