JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
जम्मू में बिजली उपभोक्ताओं को 20 और 21 अगस्त को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JPDCL) की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार विभिन्न ग्रिड स्टेशनों और फीडरों पर आवश्यक रखरखाव, पोल लगाने और पेड़ों की कटाई के कार्य के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
20 अगस्त को इन इलाकों में रहेगी बिजली प्रभावित
20 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चिनैनी, कुद, समरोली, नरसू, सेवना, सुद्धमहादेव, लाटी और मानतलाई सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
वहीं सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक होने वाले कार्यों के कारण पंथाल, सुंद्राणी, सुगल घाटी, नोमाईं, धनोरी और मैरियट होटल के आसपास के क्षेत्रों में बिजली कटौती रहेगी। कटड़ा लाइन पर भी सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
21 अगस्त को इन क्षेत्रों पर असर
21 अगस्त को 33 केवी जानकीपुर-मुट्ठी और राजेंद्र नगर-रूपनगर लाइनों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्य किया जाएगा। इसके चलते मुट्ठी, पलौड़ा, बरनाई, सूर्यवंशी विहार, रूपनगर और दुर्गा नगर के आसपास के इलाकों में बिजली प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा 33 केवी सैनिक कॉलोनी और रतनू चक लाइन पर सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखरखाव कार्य प्रस्तावित है। इस दौरान सैनिक कॉलोनी, चौआदी, बीरपुर, दाता तालाब, कालूचक, अखनूर और कालाकोट के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
JPDCL ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित बिजली शटडाउन मौसम की स्थिति और सुरक्षा मानकों के पालन पर निर्भर करेगा। ऐसे में मौसम खराब होने या अन्य परिस्थितियों के अनुसार निर्धारित समय में बदलाव भी किया जा सकता है।
बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित शटडाउन के समय को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्य पहले से निपटा लें और बिजली से जुड़े आवश्यक उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करें।



