JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
लद्दाख अब सिर्फ अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि खेलों के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की तैयारी में है। लेह के निकट थिक्से क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 11,800 फीट की ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना तैयार की जा रही है। प्रस्तावित परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और फिलहाल इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह स्टेडियम लेह से करीब 17 किलोमीटर दूर थिक्से में बनाए जाने की संभावना है। प्रस्तावित स्टेडियम का नाम ‘रणबीरपुर क्रिकेट स्टेडियम’ रखा जा सकता है। इसके निर्माण का मुख्य उद्देश्य लद्दाख में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र में खेल पर्यटन को बढ़ावा देना है।
स्टेडियम तैयार होने के बाद यहां स्थानीय युवाओं को क्रिकेट की ट्रेनिंग, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा। इसके साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों से क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लद्दाख पहुंचने की उम्मीद है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में बनने वाला यह स्टेडियम लद्दाख को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला सकता है।
चैल क्रिकेट मैदान से भी करीब 3,800 फीट ऊंचा
भारत में पहले से ही कई ऊंचाई वाले क्रिकेट मैदान मौजूद हैं। हिमाचल प्रदेश का चैल क्रिकेट मैदान करीब 8,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इसे दुनिया के सबसे ऊंचे क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। इसके मुकाबले लद्दाख में प्रस्तावित स्टेडियम करीब 3,800 फीट अधिक ऊंचाई पर होगा।
वहीं श्रीनगर का शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम करीब 5,200 फीट और धर्मशाला का क्रिकेट स्टेडियम लगभग 4,780 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। ऐसे में 11,800 फीट पर बनने वाला लद्दाख का प्रस्तावित स्टेडियम ऊंचाई के मामले में इनसे काफी आगे होगा।
लद्दाख में खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
लद्दाख प्रशासन पहले से ही क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बढ़ाने पर काम कर रहा है। लेह में कृत्रिम आइस हॉकी रिंक तैयार किया गया है, जहां गर्मियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की क्षमता है। इसके अलावा खेलो इंडिया अभियान के तहत लेह के स्पितुक में करीब 11,500 फीट की ऊंचाई पर एस्ट्रो टर्फ फुटबॉल स्टेडियम भी बनाया गया है।
क्रिकेट स्टेडियम की यह प्रस्तावित परियोजना भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। अगर परियोजना योजना के मुताबिक आगे बढ़ती है और स्टेडियम तैयार होता है, तो लद्दाख की पहचान एक प्रमुख खेल पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित हो सकती है। प्राकृतिक खूबसूरती, ऊंचाई और आधुनिक खेल सुविधाओं का संयोजन देश-विदेश के खिलाड़ियों और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन सकता है।



