JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल | जम्मू
जम्मू में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। नंबर प्लेट पर टेप लगाकर वाहन की पहचान छिपाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए पुलिस ने चार वाहनों को जब्त किया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर औचक नाके लगाए जा रहे हैं। इसी दौरान जानीपुर मेन स्टॉप पर चार ऐसे वाहन पकड़े गए, जिनकी नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने का प्रयास किया गया था। डोगरा चौक और महेशपुरा चौक में भी कुछ वाहनों की नंबर प्लेट ढकी हुई पाई गई।
डीएसपी ट्रैफिक सिटी अश्विनी शर्मा के अनुसार, एसएसपी ट्रैफिक स्वयं रूट पर निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान नंबर प्लेट छिपाने वाले वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नंबर प्लेट को जानबूझकर ढकना गंभीर मामला है, क्योंकि इससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे मामलों में केवल चालान ही नहीं, बल्कि परिस्थितियों के अनुसार एफआईआर सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
5 से अधिक चालान वाले वाहनों की भी जांच
ट्रैफिक पुलिस अब जब्त किए गए वाहनों के पुराने चालान रिकॉर्ड की भी जांच करेगी। जिन वाहनों पर पांच से अधिक चालान पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने एक बाइक का उदाहरण देते हुए बताया कि उसके खिलाफ 109 चालान होने की जानकारी सामने आई है। जांच में यह सही पाए जाने पर वाहन को नियमों के तहत जब्त रखने के साथ चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
Black Film और ज्यादा Tint पर भी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने ब्लैक फिल्म और निर्धारित सीमा से अधिक टिंटेड ग्लास वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की है। पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों को लगातार यातायात नियमों का पालन करने और नंबर प्लेट को किसी भी तरीके से न ढकने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब केवल जागरूकता तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जब्त वाहनों के दस्तावेज और पुराने चालान रिकॉर्ड की जांच के बाद जरूरत पड़ने पर संबंधित थानों में एफआईआर सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



