JNM पत्रकार हरदीप जमवाल जम्मू
जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा बस स्टैंड स्थित बहुस्तरीय पार्किंग के शुल्क में 60 प्रतिशत की अप्रत्याशित बढ़ोतरी के फैसले से शहर के व्यापारियों, आम वाहन चालकों और राजनीतिक दलों में भारी असंतोष फैल गया है। इस मनमाने फैसले के विरोध में व्यापारिक संगठन और राजनीतिक दल पूरी तरह लामबंद हो गए हैं। शिव सेना (यूबीटी) ने बढ़े हुए दाम तुरंत वापस न लेने पर व्यापक आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है, जबकि श्री रघुनाथ बाजार बिजनेस एसोसिएशन और जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने इस फैसले को व्यापारी व आम जनविरोधी बताते हुए जेडीए प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की है।
शिव सेना (यूबीटी) के प्रदेश प्रधान मनीष साहनी ने बस स्टैंड पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि महंगाई के इस दौर में पार्किंग शुल्क में 60% की वृद्धि करना आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना है। शहर में पहले से ही पार्किंग स्थलों की कमी है, ऐसे में यह फैसला पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जेडीए ने यह वृद्धि वापस नहीं ली तो संगठन सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगा।
दूसरी ओर, श्री रघुनाथ बाजार बिजनेस एसोसिएशन के प्रधान संजय गुप्ता ने जेडीए के वाइस चेयरमैन रुपेश कुमार से मुलाकात कर बढ़ा हुआ शुल्क कम करने की मांग रखी है। उनका कहना है कि बाजारों में आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ना व्यापार को प्रभावित करेगा। वहीं जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपप्रधान राजीव गुप्ता ने चेतावनी दी कि शुल्क बढ़ने से लोग सड़कों के किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर होंगे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा जाएगी और जाम की गंभीर समस्या पैदा होगी। सभी प्रमुख संगठनों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनता के हित में इस फैसले पर पुनर्विचार कर दरें घटाई जाएं।



