JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
जम्मू शहर की पुरानी और प्रमुख परेड सब्जी मंडी अब जल्द ही नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी। जम्मू नगर निगम ने करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मंडी के पुनर्विकास का काम शुरू कर दिया है। लंबे समय से चली आ रही जलभराव, गंदगी, तंग रास्तों और अव्यवस्थित दुकानों की समस्या को दूर करने के लिए मंडी में चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य किया जाएगा।
रविवार को जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने मंडी का दौरा कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान मंडी के दुकानदारों ने उन्हें वहां की मौजूदा समस्याओं से अवगत करवाया और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली।
दो बार विरोध के चलते अटका था काम
परेड सब्जी मंडी के पुनर्विकास की योजना पहले भी सामने आ चुकी है। वर्ष 2022 और 2024 में परियोजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान कारोबार प्रभावित होने की आशंका के चलते व्यापारियों के विरोध के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
अब नगर निगम ने व्यापारियों की रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना बनाई है, ताकि मंडी में कारोबार भी चलता रहे और विकास कार्य भी जारी रहें।
पहले बनेंगी 20 दुकानें, फिर मुख्य हिस्से में 4 दुकानें
योजना के तहत सबसे पहले मंडी के पिछले हिस्से में 20 पक्की दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद मुख्य प्रवेश द्वार की तरफ 4 आधुनिक दुकानों को तैयार किया जाएगा।
वेंडरों के लिए बनने वाले प्लेटफार्म का काम भी एक साथ पूरा करने के बजाय दो हिस्सों में किया जाएगा। पहले एक हिस्से में निर्माण कार्य होगा, जबकि दूसरे हिस्से में दुकानदार और फड़ी वाले अपना कारोबार जारी रख सकेंगे। इसके बाद दूसरे हिस्से का काम पूरा किया जाएगा।
जलभराव और गंदगी की समस्या पर भी होगा काम
मंडी में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव और गंदगी की समस्या को दूर करने के लिए नालियों को भी बेहतर बनाया जाएगा। नालियों के ऊपर मजबूत लोहे की ग्रेटिंग लगाई जाएगी, जिससे सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सुविधा होगी और ग्राहकों की आवाजाही भी आसान होगी।
एक साथ नहीं होगी पूरी मंडी की खुदाई
निर्माण कार्य के दौरान मंडी में व्यापार प्रभावित न हो, इसके लिए अधिकारियों और ठेकेदार को पूरी मंडी में एक साथ खुदाई नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। पहले एक हिस्से का निर्माण पूरा किया जाएगा और उसके बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू होगा।
नगर निगम के अनुसार पूरी परियोजना को करीब आठ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। काम पूरा होने के बाद परेड सब्जी मंडी को आधुनिक सुविधाओं से लैस व्यवस्थित बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा।



