JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल | जम्मू
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पहली पत्नी पायल नाथ से तलाक के करीब तीन महीने बाद उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ अपने नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने 31 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया पर निधि राजदान के साथ तस्वीरें साझा करते हुए अपने जीवन के नए अध्याय की जानकारी दी। उनकी इस घोषणा के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में चर्चा शुरू हो गई है और दोनों को बधाइयां मिल रही हैं।
उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘ए न्यू जर्नी बिगन येस्टरडे’, जिसका अर्थ है कि कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई। वहीं, निधि राजदान ने भी तस्वीरें साझा करते हुए मजाकिया अंदाज में ‘इट्स डन ब्रो’ लिखा। हालांकि, दोनों ने सार्वजनिक रूप से विवाह की तारीख और समारोह से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
1994 में पायल नाथ के साथ हुई थी पहली शादी
उमर अब्दुल्ला की पहली शादी वर्ष 1994 में पायल नाथ के साथ हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेराय होटल में हुई थी, जहां वे काम करते थे। मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने इंग्लैंड में विवाह किया था। यह प्रेम विवाह था। पायल नाथ सेवानिवृत्त सेना अधिकारी मेजर जनरल रामनाथ की बेटी हैं।
इस शादी से उमर अब्दुल्ला के दो बेटे जहीर और जमीर हैं। हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्तों में मतभेद बढ़ने लगे और वर्ष 2011 से उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ अलग-अलग रह रहे थे। दोनों के बीच तलाक की कानूनी प्रक्रिया कई वर्षों तक चली।
31 जुलाई को कानूनी रूप से समाप्त हुआ पहला रिश्ता
लंबे समय तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ के विवाह को आपसी सहमति से समाप्त कर दिया था। अदालत ने दर्ज किया था कि दोनों के बीच विवादों को सुलझा लिया गया है और अब उनके दोबारा साथ रहने की संभावना नहीं है। इसके साथ ही लंबित कानूनी मामलों को वापस लेने पर भी सहमति बनी थी।
कौन हैं निधि राजदान?
निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार हैं। वह एक राष्ट्रीय समाचार चैनल में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकी हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी अलग पहचान रही है। उमर अब्दुल्ला के साथ उनके संबंधों को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही थीं। हालांकि, अब दोनों ने इंटरनेट मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने नए रिश्ते की जानकारी सार्वजनिक कर दी है।
दो साल से साथ नजर आने के बाद चर्चाओं ने पकड़ा था जोर
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान को पिछले करीब दो वर्षों के दौरान कई सार्वजनिक और निजी कार्यक्रमों में एक साथ देखा गया था। नवंबर 2025 में जम्मू सचिवालय के खुलने के दौरान भी निधि राजदान की मौजूदगी चर्चा में रही थी। इसके अलावा दिल्ली में उमर अब्दुल्ला के एक करीबी मित्र के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में भी दोनों साथ नजर आए थे।
पहले भी दोनों के संबंधों को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आई थीं, लेकिन अब मुख्यमंत्री की ओर से साझा की गई तस्वीरों के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है।
मुख्यमंत्री रहते हुए शादी करने वाले पांचवें मुख्यमंत्री हो सकते हैं उमर
उमर अब्दुल्ला की शादी का एक राजनीतिक पहलू भी चर्चा में है। प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए विवाह करने वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में उनका नाम पांचवें स्थान पर शामिल हो सकता है। इससे पहले वीरभद्र सिंह, प्रफुल्ल कुमार महंत, एचडी कुमारस्वामी और भगवंत मान के नाम इस संदर्भ में सामने आते रहे हैं।
फिलहाल उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की नई शुरुआत को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर जारी है। एक तरफ उनकी पहली शादी और लंबे समय तक चले अलगाव की चर्चा हो रही है, तो दूसरी तरफ लोग उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस घोषणा ने जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक खबरों के बीच उनकी निजी जिंदगी को भी सुर्खियों में ला दिया है।


