JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल | जम्मू
जम्मू के चौआदी इलाके में पुलिस ने नकली नोट तैयार करने के कथित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किराए के मकान में नकली नोट तैयार करने का काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 13,500 रुपये के जाली नोट, स्कैनिंग मशीन, प्रिंटर, कंप्यूटर और अन्य सामान के साथ एक धारदार हथियार बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तीनों आरोपितों ने कुछ दिन पहले अप्पर चौआदी क्षेत्र में किराए पर मकान लिया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद एसडीपीओ सिटी ईस्ट संचित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी।
बिहार, मध्य प्रदेश और झारखंड से जुड़े हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विजय साहनी, निवासी सिवान, बिहार, वर्तमान में प्रीत नगर, डिग्याना; राहुल अहिरवार, निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश, वर्तमान में मार्बल मार्केट, जम्मू; और इंदरपाल कुमार, निवासी साहिबगंज, झारखंड, वर्तमान में त्रिकुटा नगर, जम्मू के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली नोट तैयार करने का यह काम कब से चल रहा था और इसमें आरोपितों के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
बाजार में चलाए गए थे नकली नोट?
मामले में पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बरामद किए गए जाली नोटों में से कोई नोट बाजार में चलाया गया था या नहीं। फिलहाल पुलिस की ओर से ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि इन नकली नोटों को बाजार में चलाया जा चुका था।
जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपितों ने नकली नोट तैयार करने के लिए प्रिंटर और अन्य उपकरण कहां से हासिल किए तथा तैयार किए जा रहे नोटों को कहां खपाने की योजना थी।
छन्नी हिम्मत थाने में मामला दर्ज
पुलिस की कार्रवाई के बाद छन्नी हिम्मत थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद सामान को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है।
पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस नकली नोटों के संभावित नेटवर्क, इनके इस्तेमाल और इस गतिविधि में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका का पता लगाने पर है।



