JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
लद्दाख के युवाओं के लिए प्रशासन ने एक बड़ा अवसर पेश किया है। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ‘झाबस्टोक लद्दाख यूथ इंटर्नशिप पोर्टल’ लॉन्च किया है। इस पहल के तहत केंद्र शासित प्रदेश के 25 सरकारी विभागों में कुल 2,000 युवाओं को इंटर्नशिप का अवसर दिया जाएगा।
इंटर्नशिप के लिए चयनित युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये का मानदेय भी दिया जाएगा। तीन महीने के इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को सरकारी विभागों के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझने का मौका मिलेगा।
22 अगस्त से 5 सितंबर तक आवेदन
इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 22 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। इसके बाद 6 से 14 सितंबर तक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। कुल 2,000 युवाओं का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के अवसर पर होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले इंटर्न की अवधि को अतिरिक्त तीन महीने तक बढ़ाया जा सकता है।
युवाओं को मिलेगा सरकारी कामकाज का अनुभव
इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को उनकी रुचि और कौशल के आधार पर अलग-अलग सरकारी विभागों में जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे उन्हें सरकारी योजनाओं, नीतियों और विकास परियोजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम पूरा होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार यह प्रमाणपत्र युवाओं की शैक्षणिक और पेशेवर प्रोफाइल को मजबूत करने में मददगार हो सकता है।
युवाओं को प्रशासन से जोड़ने की पहल
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि लद्दाख की बड़ी आबादी 30 वर्ष से कम आयु की है और युवा क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा, विचारों और प्रतिभा को शासन एवं विकास की प्रक्रिया से जोड़ना है।
इस इंटर्नशिप के माध्यम से युवाओं को न केवल व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, बल्कि उन्हें स्थानीय समस्याओं को समझने और उनके समाधान में अपनी भूमिका निभाने का अवसर भी मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन ‘झाबस्टोक लद्दाख यूथ इंटर्नशिप पोर्टल’ के माध्यम से किया जा सकता है।



