JNM पत्रकार हरदीप जम्वाल, जम्मू
मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बुधवार को सोनमर्ग टनल के अंदर एक निजी कार में अचानक आग लग गई। टनल के भीतर चलती गाड़ी में आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, फायर एवं इमरजेंसी सर्विस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर DL1CU-3738 वाली निजी कार सोनमर्ग टनल से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी।
मौके पर पहुंची फायर और इमरजेंसी टीम
घटना की सूचना मिलते ही फायर एवं इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए आग बुझाने का काम किया। कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे में कोई घायल नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे में किसी की जान भी नहीं गई। समय रहते इमरजेंसी टीम के पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारी घटना की वजह की जांच में जुटे हैं। आग लगने के वास्तविक कारण को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।



